नये साल का दीदारः पर्यटकों से गुलजार हुआ लोहाजंग, होटल-लॉज और होम स्टे फुल

0
  • पर्यटकों के लिए पहाड़ी व्यंजन की व्यवस्था
  • ब्रह्मताल, वेदनी, आली बुग्याल में पड़ी है दो फीट बर्फ

देवालः नये साल के दीदार के लिये लोग पहाड़ों की ओर रूख करने लगे हैं। चमोली जनपद का लोहाजंग पर्यटकों से गुलजार हो चुका है। यहां नए साल का जश्न मनाने आये पर्यटकों से होटल, होम स्टे व लॉज 31 दिसंबर तक के लिये बुक हो चुके हैं। बुग्यालों में डेढ़ से दो फीट बर्फ है और बर्फ का आनंद लेने हर दिन 250 पर्यटक लोहाजंग से ब्रह्मताल व भीकलताल जा रहे हैं।

लोहाजंग, दीदिना, वाण में करीब सात से आठ सौ पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था है। पर्यटकों के लिए होटलों में पहाड़ी व्यंजन चैसा, झंगोरे की खीर आदि की व्यवस्था की गई है। लोहाजंग को मिनी मसूरी के नाम से भी जाना जाता है। इससे रूपकुंड, वेदनी बुग्याल, आली, ब्रह्मताल का प्रवेश द्वार है। पहली बार हिमालयी क्षेत्र के गांवों में बर्फबारी नहीं हुई है मगर ब्रह्मताल, वेदनी, आली बुग्याल में डेढ़ से दो फीट बर्फ पड़ी है।

लोहाजंग बेस कैंप है। हल्द्वानी, ऋषिकेश, देहरादून आदि शहरों से पर्यटक लोहाजंग पहुंचते हैं। यहां से पर्यटक स्थानीय गाइड की मदद से ब्रह्मताल व वेदनी जाते हैं। यहां पर होम स्टे, लॉज, होटल व ट्रैकर कंपनियों की टेंट कॉलोनी है। ट्रेकिंग कंपनी यूथ हॉस्टल के महिपत दानू ने बताया कि अधिकांश पर्यटक यहां पर 31 दिसंबर तक रहेंगे। नए साल के जश्न में ट्रेकिंग कंपनियों ने यहां संगीत व नृत्य का आयोजन प्रस्तावित किया है।

वहीं पर्यटकों के लिए व्यापार संघ व ट्रेकिंग कंपनियों ने भी तैयारी की गई। होटलों में पहाड़ी व्यंजन राजमा, चैसा, झंगोरे की खीर, कोदे की रोटी आदि पहाड़ी व्यंजनों से पर्यटकों का स्वागत होगा। व्यापार संघ के अध्यक्ष प्रद्युमन पुजारी व इंद्र सिंह राणा ने बताया कि बाजार के सभी होटल व लॉज बुक हो गए हैं। लोहाजंग, दोदिना, वाण में करीब सात से आठ सौ पर्यटकों की ठहरने की व्यवस्था है।

मौसम खुला तो 191 पर्यटक ब्रह्मताल रवाना हुए
बारिश-बर्फबारी थमी तो रविवार को मौसम खुला और ब्रह्मताल में ट्रेकिंग शुरू हुई। बीते शुक्रवार और शनिवार यहां मौसम खराब होने और एक महिला पर्यटक के घायल होने पर डीएम संदीप तिवारी के आदेश पर दो दिन के लिए ब्रह्मताल ट्रेक को बंद कर दिया था। रविवार को ब्रह्मताल जाने के लिए 191 ट्रेकरों का वन विभाग ने लोहाजंग में रजिस्ट्रेशन किया। इसके बाद सभी ट्रेकिंग के लिए रवाना हुए। वन विभाग के रेंजाधिकारी मनोज देवराड़ी ने बताया कि रविवार को 191 ट्रेकर ब्रह्मताल गए। वहीं रुपकुंड, आली, वेदनी, वगजी, बगुवावासा आदि पर्यटन स्थल दो फीट बर्फ से ढका है। पर्यटक ब्रह्मताल व भीकलताल में टेंट लगाकर बर्फ का आनंद ले रहे हैं।

Previous articleदेहरादूनः शोरूम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान खाक
Next articleशिक्षाः उत्तराखंड के विद्यालयों में लागू हुई ‘हमारी विरासत एवं विभूतियां’ पुस्तिका

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here