देहरादूनः अनुशासनहीनता के चलते भारतीय जनता पार्टी द्वारा निष्कासित खानपुर विधायक कुंवर प्रणव चैम्पियन की आज पार्टी में वापसी हो गई है। इस बात की पुष्टि स्वयं पार्टी अध्यक्ष बंशीधर भगत ने की। उन्होंने बताया कि विधायक देशराज कर्णवाल को भी माफ कर दिया है।
रविवार को चैम्पियन और कर्णवाल का पक्ष सुनने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने आज अपना फैसला सुनाया। पार्टी से निष्कासित चैम्पियन की 14 महीने बाद घर वापसी हुई है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक साल से चैम्पियन ने कोई विवादित बयान नहीं दिया। वे मर्यादा में रहे। उन्होंने लिखित में माफी मांगी है। चैम्पियन ने कहा कि मैं माफी मांगता हूं। देवभूमि मुझे माफ करेगी।
आपको बता दें कि भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक में चार विवादित विधायकों का मसला उठा। जिस पर पार्टी नेताओं ने चिंता जाहिर की। उनका मत था विधायकों की गुस्ताखियों और हरकतों की वजह से पार्टी और सरकार की छवि प्रभावित हो रही है। विधायकों को कड़ा संदेश देने पर जोर दिया गया। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने चैंपियन और कर्णवाल को तलब कर उनका पक्ष सुना। जिसके बाद उन्हें माफ कर दिया गया। उधर महिला प्रकरण में फंसे द्वारहाट विधायक महेश नेगी आज प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष हाजिर होंगे और अपना पक्ष रखेंगे।